ज्ञानपुर (भदोही)। दो दिनों से आसमान में बादलों की उमड़-घुमड़ के बीच तापमान में मामूली गिरावट आई, लेकिन उमस ने जीना मुहाल कर दिया। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा। इस दौरान लू के थपेड़े उमस की वजह बने रहे। चहारदीवारी के अंदर भी लोग पसीने से तर-ब-तर रहे। गर्मी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जून की तपिश ने सामान्य जनजीवन बेपटरी कर दिया है। आलम यह है कि सुबह सात बजे से ही आग उगलते सूर्यदेव की तल्खी शाम के पांच बजे तक लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन चली है। जरूरी कार्य के सिलसिले में भी लोग घरों से बाहर निकलने का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं। मंगलवार को उमस के चलते पूरे दिन लोग पसीने से भीगे रहे। कूलर और पंखों के हवा बेअसर साबित हुई। चिपचिपी गर्मी के चलते संक्रामक बीमारियों ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। यही वजह है अस्पतालों में मरीजों और तीमारदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। यही हाल दवा की दुकानों का भी है।