आने वाले दिनों में जिले के 13 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का कायाकल्प होगा। सीएसआर फंड से वाराणसी विकास प्राधिकरण के दायरे में आने वाले विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने विकास भवन में समीक्षा बैठक कर काम को समय से पूरा करने के लिए कहा। बैठक में सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिले के राजकीय विद्यालय (22 हाईस्कूल और नौ इंटर तक के) में प्रोजक्टर, लाइट, पंखा, डेस्क, बेंच, शौचालय, पेंटिंग, शुद्ध पेयजल आरओ वाटर कूलर एवं अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक जीके सिंह ने बताया कि क्वींस इंटर काॅलेज, प्रभुनारायण इंटर कॉलेज रामनगर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलदहिया, राधा किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चोलापुर, राजकीय हाईस्कूल मोहर वाराणसी, राजकीय हाईस्कूल छांही, राजकीय हाईस्कूल रमगढ़वा, राजकीय हाईस्कूल चक्क, राजकीय हाईस्कूल भठौली के विद्यालयों का कायाकल्प होगा। जरूरत के हिसाब से एक विद्यालय पर टाइल्स युक्त फर्श, प्रोजेक्टर जैसी सुविधा के लिए 10 लाख रुपये की लागत आएगी। विद्यालयों से रिपोर्ट मिल चुकी है जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।