युवक की हत्या कर जलाने के मामले में नामजद पांच आरोपी सहित 13 हिरासत में
- पुलिस के सामने यक्ष प्रश्न- लड़की लेकर लापता होने वाले युवक के परिजन क्यों मारेंगे उसके दोस्त को, पूछताछ जारी
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। दांदूपुर गांव में नितेश मौर्या (18) की हत्या कर उसका अधजला शव रिंग रोड के किनारे झाड़ी में फेंकने के मामले में नामजद पांच आरोपियों सहित 13 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। नितेश के परिजनों का कहना है कि उसका दोस्त रितिक एक किशोरी को लेकर लापता है। रितिक के परिजनों ने ही नितेश को देख लेने की धमकी दी थी। उन्हीं लोगों ने नितेश की हत्या की है। पुलिस का कहना है कि रितिक के परिजन आखिरकार नितेश की हत्या क्यों करेंगे। फिलहाल, पुलिस सभी 13 लोगों से पूछताछ कर वारदात की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।
दांदूपुर गांव निवासी नितेश मौर्या शुक्रवार की रात अपने घर पर था। नितेश के बड़े भाई अनिल के अनुसार, उसके गांव के संजय गौड़ का भतीजा रितिक एक किशोरी के साथ लापता है। शुक्रवार की रात 11 बजे संजय और सुनील गौड़ उसके घर आए। दोनों ने कहा कि रितिक और नितेश दोस्त हैं। नितेश ही किशोरी के साथ लापता होने में रितिक की मदद किया है। अगर रितिक का जल्द पता नहीं लगा तो नितेश के लिए ठीक नहीं होगा। इसी के बाद से नितेश डर कर घर छोड़ कर भाग गया था। उसके बाद शनिवार की शाम घर से लगभग सौ मीटर की दूरी पर रिंग रोड के किनारे झाड़ी में नितेश का अधजला नग्न शव मिला। अनिल ने पुलिस से कहा कि हमें आशंका है कि संजय गौड़, सुनील गौड़, संदीप गौड़, अनिल गौड़ और प्रदूम गौड़ ने उसके भाई की हत्या कर शव जलाने का प्रयास किया है। अनिल की तहरीर के आधार पर शिवपुर थाने में पांचों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, झाड़ी में जहां नितेश का शव मिला था, उसके समीप शराब की खाली बोतल और एक जला मोबाइल मिला था। इसके अलावा पानी की एक बोतल मिली थी, उससे पेट्रोल की गंध आ रही थी। माचिस भी उसी के समीप पड़ी हुई थी। उधर, नितेश के शव के पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित रखा गया है।
-
युवक के साथ किशोरी बरामद हुई अलीगढ़ से
रितिक गौड़ के साथ लापता हुई 13 वर्षीय किशोरी अलीगढ़ से रविवार को बरामद हुई। मामले में रितिक के साथ एक युवक और एक युवती भी आरोपी है। पुलिस टीम तीनों को अलीगढ़ से वाराणसी लेकर आ रही है। पुलिस रितिक और उसके दोस्त से भी नितेश की हत्या के संबंध में पूछताछ करेगी। इससे पहले किशोरी के मां-बाप से भी पुलिस ने घटना के संबंध में पूछताछ की।
नायब तहसीलदार के समझाने पर अंत्येष्टि के लिए हुए रवाना
शिवपुर थाने की पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद नितेश का शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव घर पर लेकर बैठ गए और अंत्येष्टि के लिए नहीं जा रहे थे। परिजनों का कहना था कि जिलाधिकारी को बुलाया जाए। एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी और मां को वृद्धा पेंशन दिया जाए। साथ ही, सभी आरोपी गिरफ्तार किए जाएं। पुलिस ने समझाया कि नामजद आरोपी हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। इसके बाद भी नितेश के परिजन अंत्येष्टि के लिए नहीं जा रहे थे। रात 10 बजे नायब तहसीलदार प्रीती पांडेय आईं और उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकारी नियमानुसार हरसंभव मदद की जाएगी। आरोपियों पर भी कठोर कार्रवाई होगी। इसके बाद जाकर सभी माने और शव अंत्येष्टि के लिए ले गए।
नामजद आरोपियों और उनके करीबियों से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और ठोस साक्ष्य के आधार पर प्रभावी तरीके से कार्रवाई की जाएगी। - सरवणन टी, एडीसीपी वरुणा जोन