वाराणसी। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बुधवार को कमिश्नरी ऑडिटोरियम में सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा के संबंध में केंद्र व्यवस्थापक एवं पर्यवेक्षकों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि छह जनवरी 2019 को प्रात: 11 बजे से 1.30 बजे परीक्षा तक कराई जाएगी। 35182 परीक्षार्थी कुल 60 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे। तीन परीक्षा केंद्रों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं तथा एक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट केंद्र का प्रभारी अधिकारी होगा। वह नकल विहीन, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष परीक्षा कराने हेतु जिम्मेदार होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक परीक्षार्थियों को केन्द्र में प्रवेश के पूर्व उनकी जांच करवाएंगे तथा यह भी देखेंगे कि परीक्षार्थियों को परीक्षा देने में किसी तरह की असुविधा न हो। सेक्टर मजिस्ट्रेट सही समय पर सही पेपर, कॉपियां लेकर सभी केन्द्रों पर पहुंचेंगे यह सुनिश्चित करेंगे। सील्ड प्रश्नपत्र खोलने की वीडियो रिकार्डिंग कराई जाएगी। परीक्षार्थी अपने प्रवेश पत्र तथा शैक्षिक प्रमाण पत्र साथ लाएंगे।