वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रसंघ चुनाव में दो साल बाद अध्यक्ष पद पर एक बार फिर से एबीवीपी ने कब्जा जमाया। हालांकि बाकी तीनों पदों पर समाजवादी छात्र सभा (सछास) की विजय हुई। अध्यक्षपद के मुकाबले में एबीवीपी के विकास पटेल ने प्रतिद्वंद्वी अंबिका प्रसाद को 1634 मतों से हराया। विकास पटेल ने शुरू से ही बढ़त बनाकर रखी। उन्हें कुल 2720 वोट मिले। काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव के लिए रविवार को सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक हुए 46.8 प्रतिशत वोटिंग हुई। दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद मतगणना शुरू हुई। महामंत्री पद पर सछास के दिग्वंत पांडेय भी पहले ही चरण में आगे निकल गए और बढ़त बरकरार रखी। करीब सवा घंटे चली मतगणना में दिग्वंत पांडेय को 2278 मिले। उपाध्यक्ष पद पर पवन कुमार यादव 1658 और पुस्तकालय मंत्री रोशन कुमार राय 1762 वोट लेकर विजयी रहे।