बाबतपुर। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों सोमवार को 10:30 बजे फाल्कन 8 विमान से लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आएंगे। हवाईअड्डे पर एक नही बल्कि दो फॉल्कन विमान उतरेंगे जिनमें एक विमान में फ्रांस के राष्ट्रपति व उनकी पत्नी रहेंगी जबकि दूसरा विमान सहयोग के लिए रहेगा। वाराणसी हवाई अड्डे पर विमान की ग्राउंड हैंडलिंग इंडो थाई कंपनी द्वारा किया जाएगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह विमान पहली बार वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आएगा। इस विमान की सबसे बड़ी खासियत यह है की विमान का संचालन करने वाले कुशल पायलट द्वारा इसे कम विजिबिलिटी में भी उतारा जा सकता है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय वायुसेना के विमान बीबीजे से आएंगे। जबकि फ्रांस के डेलीगेट्स एयर इंडिया के स्पेशल विमान से आएंगे। हवाई अड्डे के एप्रन पर विमान से निकलते ही फ्रांस के राष्ट्रपति की अगवानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गवर्नर राम नाईक करेंगे। उसके बाद सेना के हेलीकॉप्टर से फ्रांस के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मोदी हवाई मार्ग से मिर्जापुर जनपद के दादरकलां गांव के लिए प्रस्थान करेंगे।