बड़ागांव। रसुलहां गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने भतीजे और भतीजी को मृत घोषित कर उनकी अचल संपत्ति पर कब्जा कर लिया। इसकी जानकारी होने पर भतीजी मन्नी देवी खुद को जिंदा साबित करने और पैतृक संपत्ति को वापस लेने के लिए जिले के अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर काट रही है। मन्नी ने बताया कि उसके पिता शिवजतन की मृत्यु 1984 में हो गई थी। बताया कि चाचा ने उसे काम दिलाने के बहाने रामपुर में एक व्यापारी के हाथ बेच दिया था। 32 वर्ष तक काफी यातनाएं सहने के बाद वह घर वापस लौटी तो उसकी मां की मौत हो चुकी थी और दोनों भाइयों का कहीं पता नहीं लगा। बताया कि वह अपने पिता के घर में घुसने लगी तो उसे चाचा ने भगा दिया और बताया कि सबकी मौत हो गई है। यहां किसी का कोई अधिकार नहीं है। मन्नी ने उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है उसे कागजातोें में जिंदा किया जाए और उसके पिता की संपत्ति उसे दिलाई जाए।