हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सत्र 2022-23 वाले विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा। कॉलेज परिसर में होने वाले समारोह में वर्ष 2023 में उत्तीर्ण करीब 1200 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी। समारोह में छात्र-छात्रा दीक्षांत परिधान में नजर आएंगे। उच्च शिक्षण संस्थानों में पहले दीक्षांत समारोह का आयोजन केवल विश्वविद्यालयों में होता था लेकिन अब विश्वविद्यालय की तर्ज पर ही कॉलेजों में भी इस तरह के आयोजन हो रहे हैं। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में 15 जनवरी को सुबह 10 बजे से होने वाले समारोह में उपाधि पाने वाले विद्यार्थियों की सूची तैयार कराई जा चुकी है। प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर के निर्देशन में बुधवार को दिनभर कॉलेज में समारोह की तैयारियां चलती रहीं। उन्होंने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी होंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा, कुलसचिव सुनीता पांडेय मौजूद रहेंगी।