पुलिस की लापरवाही से शातिर बाइक चोर थाने से फरार हो गया। इसे अधिवक्ताओं ने पकड़ कर कैं ट पुलिस को दिया था। शातिर मोटरसाइकिल चोर ड्यूटी मुंशी की लापरवाही से हथकड़ी समेत हिरासत से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस में खलबली मच गई। थाना प्रभारी ने बताया कि लापरवाह पुलिसकर्मी पर कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को कार्रवाई के लिए संस्तुति की गई है। कचहरी परिसर से शनिवार की दोपहर एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को अधिवक्ताओं ने पकड़ कर कचहरी चौकी के सुपुर्द कर दिया था। चौकी प्रभारी ने फैंटम दस्ते के सिपाहियों के माध्मय से उसे कैंट थाने पहुंचा दिया गया। आरोप है कि थाने में तैनात ड्यूटी मुंशी उमाकांत सिंह ने लापरवाही पूर्वक उसे हथकड़ी लगाकर कार्यालय में ही बैठा दिया और अपने अन्य काम में जुट गए। इसी बीच मौका पाकर शातिर चोर हथकड़ी समेत फरार हो गया। फिलहाल मामले की जांच इंस्पेक्टर कैंट विजय बहादुर सिंह कर रहे हैं। हिरासत से फरार शातिर दाऊद उर्फ मोनू है जो लल्लापुरा सिगरा निवासी है।