भदोही। प्रदेश के नगर विकास राज्य मंत्री गिरीश यादव ने कहा कि हमारी ताकत हमारे कार्यकर्ता हैं। केंद्र और प्रदेश में हमारी सरकार ने युवाओं, व्यापारियों, दुकानदारों को प्रोत्साहित करते के लिए अनेकों कार्य किए हैं। महिलाओं, छात्रों और गरीबों के आवास और शौचालय की योजनाओं दूरगामी परिणाम होगा। आम जन के मूलभूत समस्याओं की ओर पिछली सरकारों ने ध्यान नहीं दिया। इसके चलते हम आगामी लोकसभा चुनाव जीतेंगे। वे बृहस्पतिवार को नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल के दरोपुर आवास पर स्वागत समारोह में बोल रहे थे। राज्यमंत्री के दरोपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पीएम और सीएम जिंदाबाद के नारों से उनका स्वागत किया। लोगों ने राज्यमंत्री को फूल मालाओं से लाद दिया। पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने उन्हें चांदी का गदा भेंट किया और उनसे भदोही नगर पालिका की विकास योजनाओं की संस्तुति की गुहार लगाई। राज्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता मन लगाकर कार्य करें। स्वागत समारोह के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि भदोही नगर में जलनिकासी समस्या दूर करने के लिए भेजे गए प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल करेंगे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक, प्रिंस गुप्ता, संतोष तिवारी, अशोक पाठक, ओम सिंह, विनीत बरनवाल, कामता चौरसिया, रवींद्र दूबे, अशोक पाल, अरुण कुमार राय, मो. अली सिद्दीकी, जावेद कुरैशी, सुजीत यादव, शुद्धि गुप्ता आदि रहे।