वाराणसी। केंद्रीय एवं राज्य की सुरक्षा एजेंसियां लखनऊ से गिरफ्तार आतंकी शेख अब्दुल नईम के वाराणसी और पूर्वांचल कनेक्शन खंगालने में जुटी हुई हैं। सूत्रों की मानें तो नईम वाराणसी, आजमगढ़, जौनपुर और मिर्जापुर में कुछ दिन तक रहा है। इन जिलों में उसके संपर्क भी हैं। जल्द ही पुलिस कुछ अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर सकती है। वहीं एजेंसियां बिहार के गोपालगंज के जादोपुर चौकी से लश्कर-ए-तैयबा के एक और संदिग्ध एजेंट को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर गंगा घाटों सहित शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और खुफिया इकाइयां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। गौरतलब है कि सात दिसंबर को शीतला घाट बम विस्फोट की सातवीं बरसी है। इस धमाके में एक मासूम बच्ची की जान चली गई थी और विदेशी नागरिकों सहित 60 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। हैदराबाद बम धमाके के अहम आरोपी और पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी नईम को एनआईए और यूपी एटीएस की टीम ने बीते 28 नवंबर को लखनऊ के चारबाग बस अड्डे से गिरफ्तार किया था।