ज्ञानपुर। मानदेय समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को अनुदेशकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान बांह पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीएसए को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान अनुदेशकों ने जमकर नारेबाजी की। शिक्षक दिवस पर परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन की अगुवाई में जनपद के अनुदेशकों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर बीएसए कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अनुदेशकों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि 17 हजार मानदेय की घोषणा के बाद 9800 का शासनादेश जारी कर सरकार अनुदेशकों के साथ वादाखिलाफी कर रही है। अगर सरकार 10 सितंबर तक उनकी मांगें नहीं मानती तो लखनऊ में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन के जिला मंत्री राजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि सरकार अनुदेशकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। सरकार समस्या का समाधान करने की बजाए अपने वादे से मुकरना चाहती है। अगर सरकार जल्द हमारी पांचों मांगों को नहीं पूरा करती तो संगठन आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर हो जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। इस मौके पर अखिलेश यादव, मुकुल त्रिपाठी, शशि कुमार, शरद बिंद, बृजेश तिवारी, जितेंद्र तिवारी, दिनेश पाल, इमरान, अखिलेश, अनिल, अरुण, डाली सिंह, प्रियंका, सुनीता सुभाष आदि मौजूद रहे।