भदोही। शहर में जलनिकासी अव्यवस्था के बीच बीते दस दिन से हो रही बारिश से अब सड़कों से पानी लोगों के घरों में जा पहुंचा है। ऐसा नजारा नगर बृहस्पतिवार को नगर के कई मोहल्लों में देखा गया। आलमपुर, जल्लापुर, पीरखांपुर, छेड़ीबीर, घमहापुर आदि मोहल्लों में भारी बारिश के चलते नींद उड़ गई है। नगर के छितनी तालाब में पानी भर कर घमहापुर और आसपास के इलाकों में फैल गया है। बृहस्पतिवार को भोर से शुरू हुई मूसलाधार वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। घमहापुर, पीरखांपुर, गुलाल तारा में जहां पानी लोगों में घरों में जाने लगा तो मेन रोड, स्टेशन रोड पर भारी जलभराव से आवागमन दूभर हो गया। भारी बारिश के चलते नगर पालिका की जलनिकासी व्यवस्था बेमानी सिद्ध हो रही है। लोगों का कहना है कि गत वर्ष के मुकाबले इस वर्ष जलभराव की समस्या और जटिल हो गई है। सभासद दानिश सिद्दीकी ने कहा कि आम तौर पर बारिश थमने के बाद सड़कों पर पानी नहीं रह जाता, लेकिन इस बार नजारा बदला हुआ है। बारिश थमने के कई कई घंटों बाद भी पानी सड़कों पर लगा हुआ है। बारिश से सड़कों पर गड्ढे दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। पीरखांपुर रोड पर पानी लगने के बाद लोगों के घरों में पानी पहुंच गया। इसको लेकर लोगों की नींद उड़ गई है। अब लोगों को भय सता रहा है कि कहीं और बारिश हुई तो उनका जीना हराम हो जाएगा। आज की बारिश से मेनरोड, स्टेशन रोड पर कई बाइक स्वामी बीच पानी में फंसे रहे।