ज्ञानपुर। अन्नू त्रिपाठी पर जानलेवा हमले के मामले में सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह और सजायाफ्ता पूर्व विधायक उदयभान सिंह बृहस्पतिवार को अपर जिला सत्र न्यायालय तृतीय की अदालत में पेश हुए। सुनवाई के बाद कड़ी सुरक्षा में दोनों कोर्ट से रवाना हुए। वर्ष 2005 में गोपीगंज के झिरिया पुल के पास अन्नू त्रिपाठी पर जानलेवा हमले के मामले में दोनों आरोपी है। करीब एक दशक से मामला विचाराधीन है। सुबह 10 बजे से ही न्यायालय परिसर में करीबियों का जमावड़ा लगा रहा। वहीं दूसरी ओर दुर्गागंज मार्ग पर ठेकेदारों, शराब माफिया के दर्जन भर से अधिक वाहन बेतरतीब खड़े होने से आधे घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। इससे स्कूली बसें, यात्री वाहन जहां-तहां फंसे रहे। उमस और गर्मी से लोग बिलबिला उठे। सत्ता पक्ष के विधायक होने से पुलिस भी अनजान बनी रही। मुन्ना बजरंगी की हत्या के चलते भाजपा विधायक और पूर्व विधायक कड़ी सुरक्षा में न्यायालय पहुंचे थे।