जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या अब दिन प्रतिदिन कम होती जा रही है। सोमवार को 4267 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। 11 नए मरीज मिले हैं, इसमें 65 वर्षीय एक महिला भी संक्रमित हुई है, जिसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। तीन मरीजों की मौत भी हुई है। अब एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 256 आ गई है। टिकरी, शिवपुर, लंका, पहड़ियां, साकेतनगर, बाबतपुर में सीआईएसएफ जवान संक्रमित हुआ है। इसके अलावा कपसेठी, दुर्गाकुंड, चेतगंज आदि जगहों पर रहने वाले लोगों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस बीच बीएचयू में भर्ती चोलापुर निवासी 48 वर्षीय पुरुष, राजातालाब निवासी 42 वर्षीय पुरुष और होमी भाभा कैंसर अस्पताल में भर्ती 60 वर्षीय महिला की मौत हुई है। सोमवार को 19 लोग होम आइसोलेशन में स्वस्थ घोषित हुए। 11 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। कुल संक्रमितों की संख्या 82,109 पहुंच गई है। इनमें से 81,083 डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं, 770 की मौत हो चुकी है। सोमवार को कुल 677 बच्चों की आरटीपीसीआर जांच की गई। इसमें पांच साल तक आयु वर्ग में 195, छह से बारह में 231 और 13 से 18 साल वाले 251 बच्चे शामिल हैं।