लोहता। ककरहिया गांव में मकान पर पेंट करते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से अजीत पटेल (22) की मौत हो गई जबकि जय प्रकाश पटेल (25) झुलस गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने अजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और जयप्रकाश को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। घटना को लेकर ग्रामीणो में खासा आक्रोश देखा गया। सरहरी गांव निवासी अजीत और जयप्रकाश ककरहिया गांव निवासी अखिलेश पटेल के मकान में पेंट कर रहे थे। इसी दौरान मकान के समीप से गुजरे हाईटेंशन की तार की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक अजीत की मौत हो गई थी और गंभीर रूप से झुलसा जयप्रकाश चीख रहा था। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि अजीत दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था।