वाराणसी। बीचयू के सर सुंदर लाल अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें सामान्य बीमारियों के लिए लंबी लाइन में लगना नहीं पड़ेगा। पेट दर्द, सिरदर्द, बुखार से पीड़ित मरीजों के लिए अब हर दिन दो घंटे विशेष ओपीडी चलेगी। सुबह आठ से 10 बजे तक ओपीडी हाल में चिकित्सा अधीक्षक, उप चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्साधिकारी मरीजों को देखेंगे और जरूरत पड़ने पर उन्हें विभागों में रेफर किया जाएगा। विश्वविद्यालय की ओपीडी में हर दिन पांच हजार से अधिक मरीज आते हैं। सबसे अधिक समस्या तब होती है जब उन्हें पर्चा जमा करने के बाद इंतजार करना पड़ता है। अब नई व्यवस्था के बाद उनका इंतजार खत्म होगा। चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजय नाथ मिश्रा ने सोमवार को इस सुविधा की शुरूआत करने के बाद बताया कि सर दर्द, पेट दर्द, बुखार जैसी छोटे मर्ज में मरीजों को विभाग में पर्ची जमा कर भटकना नही होगा, उन्हें अब ओपीडी हॉल में ही इलाज मिल जाएगा। इस दौरान उन्होंने विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर अस्पताल की ओर से 28 जुलाई को कमरा नंबर 302 गैस्ट्रोलॉजी विभाग में मुफ्त कराए जा रहे नि:शुल्क इलाज के बारे में भी बताया। इस दौरान डिप्टी सीएमओ कुंदन कुमार, नर्सिंग सुप्रिडेन्डेन्ट सुशील कुमार पांडेय, डिप्टी नर्सिंग सुप्रिडेन्डेन्ट प्रकाश चंद्र शर्मा, मेडिकल ऑफिसर ड़ॉ. एस. के. सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।