लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से मुंबई जाने के लिए शनिवार की शाम एयरपोर्ट पहुंचे शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के पारिवारिक डॉ. राहुल कुणाल का आईफोन एक्स परिसर के बाहर, चाय की दुकान से गायब हो गया। डॉ. राहुल आजमगढ़ किसी निजी कार्य से आए थे। आजमगढ़ से बाबतपुर देर शाम पहुंचे एयरपोर्ट के बाहर चाय पीने के लिए एक दुकान पर रुके। चाय, पकौड़ा खाते समय मेज पर मोबाइल रखकर भूल गए। उनके जाने के बाद जब दुकान पर छूटे मोबाइल के बारे में पूछा गया तो किसी एक ने खुद का बताकर मोबाइल ले लिया। उधर एयरपोर्ट के भीतर जाकर जब डॉ. राहुल को अपने मोबाइल की याद आई तो वापस दुकान पर आए। दुकानदार ने बताया कि मोबाइल तो दूसरा कोई लेकर चला गया। इस पर उन्होंने घटना की जानकारी फोन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी और मुंबई के लिए रवाना हो गए। उनके साथ उन्हें छोड़ने आए लोगों ने फूलपुर थाने पर तहरीर दी।