वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक के बाद कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने शनिवार को अफसरों के साथ बैठक की और समय से विकास कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। सुल्तानपुर-वाराणसी 4 लेन सड़क चौड़ीकरण कार्य में और तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा में कार्य को पूरा कराने को कहा। रिंग रोड फेज-1 के कार्य को प्रत्येक दशा में जून, 2018 तक पूरा कराये जाने का भी निर्देश दिया। हेरिटेज पोल लगाने की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने ईएसएसएल के अधिकारी को जनवरी में प्रत्येक दशा में कार्य काम पूरा करने को कहा। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लान्ट दीनापुर में कुछ किसानों को मुआवजा वितरण करने को कहा। मंडुवाडीह आरओबी के नीचे अतिक्रमण हटाने के बाद पांच मीटर चौड़ी सड़क होने के बावजूद केवल तीन मीटर में ही सर्विस रोड बनाने पर सेतु निगम के अभियंता को पांच मीटर चौड़ा सर्विस रोड बनाने को कहा। जलनिगम के अभियंता को निर्देशित किया कि सीस वरूणा के भेलूपुर के 11 जोन में बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन के गैप को जीपीएस सिस्टम से सर्वे कराकर चिह्नित करें। गेल और आईपीडीएस को समय से पूरा कराने को कहा। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त डा0अभय श्रीवास्तव सहित अन्य विभागीय एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।