वाराणसी। धनतेरस पर हजार करोड़ से ऊपर का कारोबार होने के बाद दीपावली से एक दिन पूर्व भी बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। बुधवार को भी लोग घरों से बाहर निकले और खरीदारी की। भैयादूज की तैयारी में जुटी महिलाओं ने जहां लाई-चूरा और चीनी की मिठाई खरीदी वहीं ज्वेलरी से लेकर होजरी तक और इलेक्ट्रानिक्स, इलेक्ट्रिक सामानों की खरीदारी की गई। प्रमुख बाजारों गोदौलिया, नई सड़क, चौक, बुलानाला, लक्सा, लहुराबीर, मलदहिया, मैदागिन, अर्दली बाजार में छोटी दीपावली पर भी सामान खरीदने वालों की काफी संख्या देखी गई। ज्वेलरी की दूकानों पर भी ग्राहक डटे रहे। गुरुवार को दिवाली के मद्देनजर झालर और फूल-माला बाजार की खरीदारी हुई। मलदहिया, विशेश्वरगंज, बांसफाटक में फूलों का बाजार गर्म रहा। गुरुवार को भी बाजार में भीड़ रहेगी। कारोबारियों की माने तो दिवाली केदिन भी अच्छे कारोबार का अनुमान है। जो लोग धनतेरस पर खरीदारी नहीं कर सके थे वे अब दिवाली के दिन खरीदारी के इंतजार में हैं। बुधवार को देर रात तक खरीदारी होती रही।