भाजपा प्रत्याशी अरुण पाठक
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा प्रत्याशी अरुण पाठक ने तीसरी बार लहराया जीत का परचम
कानपुर में स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अरुण पाठक ने 62,501 वोटों के साथ जीत दर्ज की है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कमलेश यादव को 53,185 वोटों से हराया है, जिन्हें 9,331 वोट मिले। वहीं, स्नातक एमएलसी चुनावों में कुल 6,728 अवैध घोषित किए गए। बता दें कि अरुण पाठक पहले चरण से ही बढ़त बनाए हुए थे। दूसरे चरण की गिनती पूरी होने तक अरुण पाठक कुल 10,392 और सपा के कमलेश यादव 1,865, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी कमलेश कुमार को मात्र 72 वोट मिले थे। स्नातक सीट पर 86,396 मतों की गणना हुई है।
कानपुर शिक्षक खंड सीट पर निर्दलीय का कब्जा
कानपुर शिक्षक खंड सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी राज बहादुर सिंह चंदेल ने जीत का परचम लहराया है। राज बहादुर सिंह चंदेल ने छठवीं बार जीत दर्ज की। द्वितीय वरीयता की मतगणना के बाद उन्होंने 1,548 वोटों से अपने प्रतिद्वंदी हेमराज को हराया, जिन्हें 3,681 वोट मिले। वहीं भाजपा प्रत्याशी वेणु रंजन भदौरिया तीसरे नंबर पर रहे, जिन्हें 3,282 मत मिले।
इलाहाबाद-झांसी एमएलसी सीट पर भाजपा के बाबूलाल तिवारी जीते
इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। पहले वरीयता क्रम के देर रात आए परिणामों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बाबूलाल तिवारी 587 वोटों से आगे थे। इसके बाद देर रात द्वितीय वरीयता क्रम के वोटों की गिनती शुरू की गई, जिसमें भाजपा प्रत्याशी ने 1,403 वोटों से अपने प्रतिद्वंदी सुरेश कुमार त्रिपाठी को शिकस्त दी। इसके साथ ही भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के चुनाव में विजयी सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई. राज्य विधान मण्डल के उच्च सदन के लिए हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को मिली यह जीत आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार के प्रति अथाह जन विश्वास की प्रतीक है
सीएम ने ट्वीट कर कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गहरी आस्था रखने वाले कर्मठ सदस्यों की उपस्थिति उत्तर प्रदेश विधान परिषद की गरिमा को बढ़ाएगी। नए सदस्यों के सार्वजनिक जीवन का सुदीर्घ अनुभव 'नए भारत के नए उत्तर प्रदेश' के निर्माण में सहयोगी सिद्ध होगा। आप सभी के उज्ज्वल भविष्य के प्रति मेरी शुभकामनाएं।
केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर साधा निशाना
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जीते प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि सपा का सूपड़ा साफ हो गया है। इसकी के साथ ही सपा की विकास विरोध राजनीति और गुंडागर्दी की हार हुई है। बुद्धिजीवी वर्ग ने बीजेपी को आशीर्वाद दिया है।