वादा निभाएगी सरकार
उत्तर प्रदेश भाजपा के एक नेता के अनुसार, कोरोना के दो साल में कामबंदी के कारण सरकार ज्यादा काम नहीं कर पाई। इसी कारण इस साल काम करने पर सबसे ज्यादा दबाव है। इसमें उन कार्यों को प्रमुखता दी जा रही है जिन्हें सरकार ने अपने चुनावी वायदे के रूप में युवाओं से किया था।
इसके अलावा, सरकार का सबसे ज्यादा फोकस नए रोजगारों के सृजन के जरिए ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। भारी संख्या में सड़कों के निर्माण, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद जैसे क्षेत्रों में नए निवेश के जरिए नई कंपनियां स्थापित कर युवाओं को रोजगार देने की कोशिश हो रही है। नए एयरपोर्ट और फिल्मसिटी का काम तेज होने के साथ ही प्रदेश के युवाओं को भारी संख्या में रोजगार मिलेगा। कोरोना काल में लगभग 1.75 करोड़ मानव श्रम दिवस सृजित कर सरकार ने लोगों को मदद उपलब्ध कराई थी।
पास हुए बच्चे नियुक्ति का कर रहे इंतजार
चुनाव के अंतिम वर्ष में भर्ती निकालने पर कांग्रेस नेता विश्वविजय सिंह ने कहा कि सरकार नई भर्तियां कर केवल अपनी नाकामी छिपाना चाहती है। सच्चाई यह है कि पुलिस भर्ती में पास हो चुके 2500 से ज्यादा युवा अपनी नियुक्ति के लिए अभी भी रोज लखनऊ विधानसभा, मुख्यमंत्री आवास पर प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन प्रदेश सरकार उन्हें नियुक्ति नहीं दे रही है, उलटे प्रदर्शन करने पर उन्हें पुलिस की लाठियां खानी पड़ रही हैं। सरकार को सबसे पहले उन युवाओं को नौकरी देना चाहिए जो भर्ती परीक्षा पास कर चुके हैं।