उन्नाव। मां के साथ बाइक से जा रहे युवक को बाइक सवार दो हमलावरों ने पीछा कर रोका और तमंचे की बट से हमला कर सिर फोड़ दिया। बचाव करने पर उसकी मां को भी पीटा। मां का आरोप है कि पैर न छूने पर बेटे पर हमला किया है। देर रात नाराज परिजनों ने सदर विधायक के आवास के पास जाम लगा दिया।
सदर कोतवाली के मोहल्ला खजुरियाबाग कल्याणीदेवी निवासी विनय सविता का आरोप है कि गुरुवार शाम को वह मां सुनीता के साथ बाजार गया था। रात करीब आठ बजे घर जाते समय कल्याणी मोहल्ले में एक दुकान पर कुछ सामान लेने लगे। इसी दौरान मोहल्ला निवासी हिस्ट्रीशीटर अंशू सविता और उसका साथी गोलू यादव पहुंचे और पैर छूने को कहा। मना करने पर मारपीट करने लगे। मां सुनीता ने बेटे को बचाने का प्रयास किया तो उसे भी बाल पकड़ कर पीटा। लोग दौड़े तो हमलावरों ने तमंचे से दो फायर किए और सिर पर बट मार कर घायल कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रात करीब नौ बजे परिजन घायल विनय को लेकर सदर विधायक के आवास के सामने पहुंचे और उसे सड़क पर लिटाकर जाम लगा दिया। घायल के भाई सूरज ने आरोप लगाया कि हमलावर सदर विधायक के करीबी है। बताया कि पूर्व में भी विवाद हुआ था, तब भी विधायक पक्ष के लोगों ने समझौता करा दिया था।
जाम की सूचना पर सीओ सिटी सोनम सिंह भी पहुंचीं। पुलिस ने काफी देर समझाने का प्रयास किया, लेकिन न मानने पर लाठियां पटक कर भीड़ कर तितर बितर किया और घायल को उठाकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
-
आरोप निराधार हैं। इस समय मैं दिल्ली में हूं, घर के बाहर हंगामे की सूचना मिली थी। पुलिस को कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। - पंकज गुप्ता, सदर विधायक
पीड़ित की मां की तहरीर पर अंशू सविता और गोलू यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घटना की जांच की जा रही है। - प्रमोद कुमार मिश्र, कोतवाल