कोतवाली में नहीं हुई सुनवाई, एसपी से शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। घर में घुसकर पडोसी युवक ने महिला से दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर चाकू से हमलाकर घायल कर दिया। कोतवाली में सुनवाई न होने पर पीड़िता ने एसपी को आपबीती बताई। एसपी के निर्देश पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई।
अजगैन कोतवाली के एक गांव निवासी महिला दो बच्चों के साथ अकेली रहती है। उसका पति मुंबई में काम करता है। महिला के मुताबिक तीन दिन पहले रात करीब 10 बजे घर पर अकेली थी। पड़ोसी दीपक उसके घर पर घुस आया और चाकू की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर कई वार कर दिए।
पीड़िता का कहना है कि कोतवाली में सुनवाई न होने पर एसपी से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर आरोपी दीपक के खिलाफ दुष्कर्म और घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी और पीड़िता काफी समय से एक साथ रहे थे।
मौजूदा समय में महिला युवक के साथ परियर में थी। दो दिन पहले वह युवक से यह बताकर निकली थी कि वह अपने घर जा रही है, लेकिन वह नहीं पहुंची। इसका पता लगते ही युवक वहां पहुंच गया। वहीं दोनों में विवाद हुआ। नशे की हालत में दुष्कर्म के साथ महिला पर वार किया।