चकलवंशी। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर दोस्ती नगर नहर के पास तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया। महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटा घायल हो गया। इस दौरान दो घंटे तक जाम लगा रहा।
सदर कोतवाली के मोहल्ला कृष्णानगर निवासी शिवकुमार कनौजिया की पत्नी निर्मला देवी (50) बेटे अनुज (25) के साथ बुधवार सुबह 10 बजे स्कूटी से आसीवन थानाक्षेत्र के हैदराबाद में रहने वाली बहन के घर जा रही थीं।
हरदोई-उन्नाव मार्ग पर माखी थाना क्षेत्र में दोस्ती नगर स्थित एक ढाबे के पास पीछे से हरदोई की ओर जा रहे टैंकर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। झटका लगने से मां व बेटा सड़क पर गिर गए। भगाने की कोशिश में टैंकर चालक ने रफ्तार बढ़ाई तो उसका टायर निर्मला के सिर के ऊपर से निकल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में बेटे अनुज को भी चोटें आईं हैं। मौके से चालक टैंकर छोड़कर भाग गया। इस दौरान करीब तीन किलोमीटर तक जाम लग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और टैंकर को कब्जे में लेकर जाम खुलवाया।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से पुलिस को जाम खुलवाने में दो घंटे लग गए। दोपहर करीब 12 बजे यातायात सामान्य हो पाया। थानाध्यक्ष संदीप मिश्र ने बताया कि टैंकर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।