औरास। किसानों ने समितियों पर यूरिया की निर्धारित बिक्री रेट से ज्यादा दाम वसूलने की शिकायत की है। एडीओ सहकारिता ने जांच कराकर कार्रवाई की बात कही है। परसहरा गांव के किसान रामदास ने बताया कि स्थानीय साधन सहकारी समिति पर यूरिया 280 रुपये में बेची जा रही है। बिक्री की रसीद तक नहीं दी जाती है। जबकि यूरिया की वास्तविक कीमत 266.50 रुपये है। निर्धारित रेट देने को कहा तो खाद देने से मना कर दिया। मजबूरी में अधिक दाम देकर खाद खरीदना पड़ा। लोधाटिकुर गांव के किसान रामकिशोर का कहना है कि परसहरा समिति के सचिव मनमानी ढंग से यूरिया की बिक्री कर रहे हैं। प्रति यूरिया बोरी में करीब 15 रुपये अधिक लिया जा रहा है। एडीओ सहकारिता प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि परसहरा समिति पर तय रेट से अधिक दाम पर यूरिया देने की जानकारी मिली है। इसकी जांच कराकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।