पाटन। भगवंतनगर कस्बे में वाहन स्वामी एक ही नंबर की दो कार दिखने पर हरकत में आ गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू की है।
बिहार थानाक्षेत्र के कस्बा भगवंतनगर निवासी शुभम सोनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी कार का नंबर यूपी 70 सीवाई 8228 है, जिसकी आरसी, बीमा और प्रदूषण समेत सभी दस्तावेज उनके पास हैं। बताया कि रविवार दोपहर 12 बजे कस्बे के बिहार-बक्सर मार्ग पर खड़े थे। जिस स्थान पर वह खड़े थे, पास में ही एक कार खड़ी थी, उसमें भी उनकी ही कार का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज था। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने संदिग्ध कार भगवंतनगर चौकी में खड़ी कराई है। पुलिस को शक है कि किसी घटना को अंजाम देने के इरादे से तो नंबर नहीं बदला गया।
थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर संदिग्ध कार को कब्जे में लिया गया है। हर बिंदु पर जांच की जा रही है।