बीघापुर। कानपुर-रायबरेली रेलमार्ग पर शनिवार को गनेशीखेड़ा गांव के सामने रेलवे फाटक संख्या-84 सी के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से दो घोड़े घायल हो गए। हादसे के दौरान घोड़ों के अचानक ट्रैक पर आ जाने से बड़ा रेल हादसा होते-होते बचा। उन्नाव से शाम करीब पांच बजे मालगाड़ी रायबरेली की ओर जा रही थी। रेलमार्ग पर गणेशीखेड़ा गांव के सामने रेलवे ट्रैक के किनारे घास चर रहे घोड़े ट्रेन देखकर भागने लगे और रेलवे ट्रैक पर आने से दो घोड़े गंभीर रूप से घायल हो गए। गाड़ी की रफ्तार तेज थी। चालक ने सूझबूझ से ट्रेन को नियंत्रित कर लिया। इससे बड़ा हादसा बच गया। विभागीय कर्मियों के पहुंचने के बाद रेलवे ट्रैक पर करीब पौन घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।