मौरावां। गुलरिहा गांव में बृहस्पतिवार को मछली पकड़ने गए युवक की तालाब में डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
थानाक्षेत्र के गुलरिहा गांव निवासी राजेश लोधी का पुत्र साजन (23) बृहस्पतिवार को गांव के चुनवारी तालाब में मछली पकड़ने गया था। मछली पकड़ने के दौरान गहरे पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने देखा तो परिजन को बताया। जब तक उसे तालाब से बाहर निकाला जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पिता राजेश ने बताया कि साजन खेती में हाथ बंटाता था। वह इकलौता बेटा और दो बहनों का भाई था। बेटे की मौत से मां गुड्डा, पिता राजेश लोधी सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।