पुरवा। बेहटा-मिर्रीकला मार्ग पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में घायल वृद्ध की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पत्नी और साली का इलाज चल रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव तल्हौरी निवासी सकठू (70) पत्नी बिटाना (67) के साथ बाइक से सोमवार सुबह कंधईखेड़ा निवासी साली रामरानी (60) के घर गए थे। शाम चार बजे पत्नी और साली को बाइक पर बिठाकर घर लौट रहे थे। बेहटा-मिर्रीकला मार्ग पर भादिन गांव के पास खत्रिनखेड़ा निवासी मयंक (18) की बाइक से टकरा गए। इस हादसे में चारों घायल हो गए थे। सीएचसी में डॉक्टर ने सकठू, रामरानी के साथ दूसरी बाइक सवार मयंक की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया था। सकठू के सिर, सीना और पैर में चोट थी। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पति की मौत से पत्नी और अन्य परिजन बेहाल हैं।
कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि बाइकों की भिड़ंत में वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।