बीघापुर। पनहन वैजुवामऊ गांव के बाहर तेज रफ्तार ई-रिक्शा का पहिया स्कूल के सामने गड्ढे में जाने से पलट गया। चालक की ई-रिक्शा के नीचे दबकर मौत हो गई।
बिहार थाना क्षेत्र के गांव पनहन वैजुवामऊ गांव निवासी रामजस (28) ई-रिक्शा चलाता था। शुक्रवार रात करीब एक बजे वह आम के बाग से ई-रिक्शा लेकर घर जा रहा था। गांव के प्राइमरी स्कूल के पास सड़क पर बड़ा गड्ढा अंधेरे में नजर नहीं आया और पहिया उसमें जाने से रिक्शा पलट गया और रामजस नीचे दबकर गंभीर घायल हो गया। परिवार के लोग अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। बड़े भाई धर्मपाल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। बताया कि रामजस चार भाइयों में सबसे छोटे थे। शादी हो चुकी थी। बेटे की मौत से मां पार्वती, पत्नी पुष्पा सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। तीन बच्चों में दो बेटे और एक बेटी है। थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि ई-रिक्शा पलटने से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।