बीघापुर। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर सोमवार की रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर बिजली के पोल से टकराकर पलट गया। इस हादसे में चालक मोहन वर्मा की मौत हो गई।
बिहार थाना क्षेत्र के बैजुआमऊ गांव निवासी मोहन (40) ईंट-भट्टे में काम करते थे। सोमवार को वह उन्नाव ईंट उतारने गए थे। रात करीब 9:30 बजे घर लौटते समय अकवाबाद टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पोल से टकराया और पलट गया। इससे मोहन गंभीर घायल हो गए जिन्हें राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाल राजपाल ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से मौत हुई। बिजली का पोल नहीं टूटा था। परिवार में मां कलावती, पत्नी नीरजाकुमारी और दो बच्चे शिवानी व अमित हैं।