सफीपुर। उन्नाव-संडीला मार्ग पर बृहस्पतिवार रात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे किसान की मौत हो गई। रात भर शव सड़क किनारे पड़ा रहा।
आसीवन थानाक्षेत्र के गांव अजमतनगर निवासी रामबहादुर (45) पुत्र रामदुलारे बृहस्पतिवार शाम एक किलोमीटर दूर कस्बा रसूलाबाद गए थे। लौटते समय रसूलाबाद के पास वाहन की टक्कर से वह सड़क किनारे चले गए थे। रात भर वहीं पड़े रहे। परिजनों ने तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह राहगीरों ने शव पड़ा देख पुलिस को बताया। पुलिस ने जांच कर पहचान कराई। पिता रामदुलारे ने पहचान की, बताया कि बेटा रामबहादुर खेती करता था। वह अक्सर बाजार पैदल रसूलाबाद जाता था। पत्नी गुड्डी के अलावा दो पुत्रों में सुभाष और निहाल हैं।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि पिता रामदुलारे की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।