ग्राम पंचायत बरौली चौराहा स्थित भूमि संख्या 444 सरकारी अभिलेखों में सरकारी बंजर भूमि के रूप में दर्ज है। इस पर 2009 में गांव के इस्माइल रजा ने कब्जा कर अवैध निर्माण करा लिया था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद तहसीलदार न्यायालय में बेदखली का मामला चल रहा था। तहसीलदार न्यायालय द्वारा बेदखली का आदेश पारित किया गया था। इसके खिलाफ इस्माइल रजा ने जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में अपील दाखिल की थी। वहां तत्काल याचिका खारिज कर दी गई थी। इसके बाद मामला उच्च न्यायालय पहुंचा और सुनवाई शुरू हुई। राज्य की ओर से प्रभावी पैरवी के चलते उच्च न्यायालय ने राज्य के पक्ष में फैसला सुनाते हुए सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को अवैध मानते हुए याचिका निस्तारित कर दी। इसके बाद तहसील प्रशासन द्वारा बृहस्पतिवार को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करा दिया। नायब तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी, राजस्व निरीक्षक हरीश्याम, रमेश, लेखपाल प्रेम शंकर, निशांत, सूर्यप्रताप, आकाश आदि मौजूद रहे।