बीघापुर। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर बीघापुर कोतवाली के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। अनियंत्रित सड़क किनारे खंती में पलट गई। घायल कार चालक व दोनों श्रमिकों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया जहां, एक श्रमिक की मौत हो गई।उन्नाव-लालगंज हाईवे पर रात करीब 10 बजे बीघापुर कोतवाली के पास स्थित ढाबे के सामने सड़क पार कर रहे, कोल्ड स्टोरेज श्रमिक रुझिहई निवासी रामसिंह (60) और राजेश कुमार (50) को रायबरेली की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। अनियंत्रित हुई कार खंती में पलट गई। हादसे में घायल दोनों श्रमिक व कार चालक रायबरेली के लालंगज निवासी शशिकांत मिश्रा घायल हो गए। सूचना पर कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान रामसिंह की मौत हो गई। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक व घायलों के परिजनों को सूचना दी गई है।