अचलगंज। तीन दिन पहले मार्ग दुर्घटना में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के गणेशखेड़ा निवासी अंकुश यादव (21) 29 अप्रैल की शाम करीब आठ बजे उन्नाव-लालगंज हाईवे किनारे एक ढाबे पर बाइक से खाना खाने जा रहे थे। ईश्वरीखेड़ा के सामने बने कट से जैसे ही वह लालगंज-उन्नाव लेन की ओर मुड़े, सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अंकुश के सिर पर गंभीर चोट आई थी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया। शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। बेटे की मौत से दुखी पिता राजेंद्र यादव ने बताया कि अंकुश औद्योगिक क्षेत्र की एक चर्म इकाई में मजदूरी करता था। वह एक भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। अभी शादी नहीं हुई थी। एसओ बृजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान कानपुर में मौत हुई है। पिता की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।