सोनिक (उन्नाव)। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर दही स्थित पावरहाउस कट के पास सड़क घेरकर खड़े गिट्टी लदे डंपर में शुक्रवार की सुबह पांच बजे गिट्टी लदा दूसरा डंपर पीछे से भिड़ गया। केबिन क्षतिग्रस्त होने से चालक फंस गया। पुलिस ने उसे निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस को जाम खुलवाने में चार घंटे लग गए। कानपुर के घाटमपुर निवासी अजीत कुमार (32) का डंपर खराब होने के कारण हाईवे पर खड़ा था। शुक्रवार की सुबह पांच बजे घाटमपुर निवासी गौरव मिश्रा (42) क्लीनर रामबाबू (20) के साथ गिट्टी लादकर लखनऊ जा रहे थे तभी ओवरटेक करते समय गौरव का डंपर खड़े डंपर से टकरा गया। दही थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि वाहनों को किनारे करवा दिया गया है। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह नौ बजे यातायात सामान्य हुआ। संवाद