संवाद न्यूज एजेंसी
पुरवा। बिहार-पुरवा चंदीगढ़ी चौराहे के पास खेत में धान की रोपाई के लिए श्रमिकों को लेकर जा रहा लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में 15 श्रमिक घायल हो गए। घटना के बाद लोडर चालक मौके से भाग निकला।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रम्माखेड़ा निवासी किसान रामबिशुन के चंदीगढ़ी स्थित खेत में बुधवार को धान की रोपाई होनी थी। रोपाई के लिए वह गांव के ही गुलशन (22), हर्ष (15), संदीप (22), शिवम (14), नेहा (18), सलोनी (17), देवी प्रसाद (25), शशिभान (35), शिवबरन (24), सूरज (21), सुमित (17), कोमल (15), सिवान्शी (18), तनू (15) और अरविंद (18) को लोडर में बिठाकर खेत पर धान की रोपाई के लिए जा रहे थे। रामबिशुन ही लोडर चला रहा था।
बिहार-पुरवा मार्ग पर चंदीगढ़ी चौराहे के पास अचानक लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में सभी श्रमिक घायल हो गए। ग्रामीणों ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। वहां से तनू, अरविंद, सलोनी, कोमल, सुमित, संदीप और गुलशन की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसडीएम अतुल कुमार, लेखपाल मर्दन सिंह और मनोज तिवारी ने मौके पर पहुंचकर हालचाल जाना।
घटना की सूचना डीएम को भी दी गई है। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है।