सोनिक। कटरा मंदिर के पास कानपुर लेन पर जा रहा लोडर अनियंत्रित होकर लखनऊ लेन पर आ गया और बाइक में टक्कर मारते हुए कार से टकरा गया। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के छह लोगों समेत आठ घायल हो गए। जिला अस्पताल से दो को हैलट रेफर किया गया।
माखी के मेथीटीकुर गांव निवासी सुलेमान (70) का पैर टूटने से परिजन उन्हें अजगैन में दिखा रहे थे। गुरुवार शाम करीब सात बजे परिवार के यार मोहम्मद (45), रजिया बेगम (65), ईदगाह निवासी शहनाज बानो (45), खेमईखेड़ा निवासी शमशुन (35) उन्हें कार से ले जा रहे थे। कार बहराई के सरांय जगना निवासी सादिक चला रहे थे।
कानपुर-लखनऊ हाईवे पर दही थानाक्षेत्र के कटरा मंदिर के पास लखनऊ से कानपुर जा रहे तेज रफ्तार लोडर ने अनियंत्रित होकर दूसरी लेन पर आकर बाइक में टक्कर मार दी और फिर कार से टकरा गया। इससे अजगैन के बिचपरी निवासी किशन नारायण (50) और कार सवार लोग घायल हो गए। घटना में लोडर चालक नंतुलिया मैनपुरी निवासी राजेश तिवारी (48) को गंभीर चोटें आईं। पुलिस घायलों को जिला अस्पताल लाई। किशन नारायण व राजेश की हालत गंभीर देख कानपुर हैलट रेफर किया गया। थानाध्यक्ष अनुराग सिंह ने बताया कि तीनों वाहन कब्जे में हैं। घायलों को भर्ती करा दिया गया है।