उन्नाव। जिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष में तैनात डॉक्टर के अवकाश पर होने से बुधवार को मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं हुए। इससे 40 लोगों को लौटना पड़ा। गंभीर मरीजों ने निजी पैथोलॉजी में जांच कराई। गुरुवार को भी अल्ट्रासाउंड सेवा बंद रहेगी।
जिला अस्पताल में रोजाना औसतन 1,200 मरीज पहुंचते हैं। इसमें पेट संबंधित बीमारियों से पीड़ित मरीजों को डॉक्टर अल्ट्रासाउंड की सलाह देते हैं। लेकिन बुधवार को अल्ट्रासाउंड कक्ष में तैनात डॉ. देवेंद्र अवकाश पर रहे। इससे मशीन का संचालन नहीं हो सका। अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचे 40 मरीजों को स्वास्थ्य कर्मियों ने अगले दिन आने की बात कही।
वहीं, गंभीर मरीजों ने निजी पैथोलॉजी में जांच कराई। डॉक्टर गुरुवार को भी अवकाश पर रहेंगे। इससे गुरुवार को अल्ट्रासाउंड सेवा ठप रहेगी। प्रभारी सीएमएस डॉ. विवेक गुप्ता ने बताया कि अल्ट्रासाउंड कक्ष में तैनात डॉक्टर दो दिन की छुट्टी पर है। इससे अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे है। शुक्रवार से जांच शुरू हो जाएगी।