संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव/अजगैन। अलग-अलग रेलमार्गों पर ट्रेन की चपेट में आने से व्यवसायी सहित दो की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र बिचपरी गांव निवासी संजय कुशवाहा (40) बुधवार सुबह अजगैन-सोनिक रेलवे लाइन के बीच खंभा संख्या 43 के पास ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता सज्जन लाल कुशवाहा ने बताया कि संजय ने गांव में मंगलवार को रामायण में शामिल होने आया था। पति की मौत से पत्नी कुंती और दो बच्चों में मयंक और अनुराग बेहाल हैं।
वहीं, माखी थानाक्षेत्र के रूपऊ गांव निवासी रामकेशन मिश्रा (80) परिवार के विवाद से परेशान होकर बुधवार सुबह ऑटो से सोनिक रेलवे स्टेशन पहुंचा। कुछ देर तक वह प्लेटफार्म पर बैठा रहा और जैसे ही मालगाड़ी आई दौड़कर उसके सामने खड़ा हो गया। चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। रामकेशन गांव में पत्नी के साथ अकेले रहते थे। चार बच्चों में राकेश और संजय कानपुर में, सुनील शिवनगर में और अशोक ललऊखेड़ा में अपने परिवार के साथ रहते हैं।