उन्नाव। कोरोना से जिले में डीआईओएस कार्यालय में तैनात लेखाकार सहित दो की मौत हो गई। लेखाकार का इलाज लखनऊ के सहारा अस्पताल व महिला का नवाबगंज के सरस्वती कोविड एलटू अस्पताल में चल रहा था। वहीं, ट्रूनेट व एंटीजन रैपिड टेस्ट किट से हुई जांच में नवाबगंज के तीन बैंक कर्मी सहित जिले में 57 की रिपोर्ट संक्रमित आई है।
डीआईओएस कार्यालय में तैनात 52 वर्षीय लेखाकार लखनऊ के बालागंज में रहते थे। 2 सितंबर को जुकाम, बुखार आने पर उनकी हालत बिगड़ी थी। जांच में रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आने के बाद परिजनों ने उन्हें नर्सिंगहोम में भर्ती कराया था। लेकिन हालत में सुधार न होने पर बुधवार को उन्हें सहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हिलौली निवासी 55 साल की महिला के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद 6 सितंबर को सरस्वती मेडिकल कॉलेज कोविड एलटू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई।
वहीं, एंटीजन रैपिड टेस्ट किट से हुई जांच में बांगरमऊ के कस्बा टोला में 41 वर्षीय महिला, पुरबिया टोला में 26 साल की महिला, हरदोई के अटवारा नेवादा की 22 साल की युवती, नवाबगंज कस्बे में संचालित बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर व 3 अन्य बैंक कर्मी, बीघापुर में 4, सुमेरपुर में 3, सिकंदरपुर सरोसी में 1, मियागंज में 6, गंजमुरादाबाद में 1, शहर के कांशीराम कॉलोनी में 4, पुरानी बाजार में 3, जिला अस्पताल में 2 स्वास्थ्य कर्मी सहित 7, शुक्लागंज के अलग-अलग मोहल्लों में 13, आरटीपीसीआर से 6, जिला अस्पताल की ट्रूनेट से दो की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई हैं।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि जिले में 57 कोरोना संक्रमित मिले हैं। 20 को होम आइसोलेट व 37 को बिछिया व नवाबगंज के श्रीराममूर्ति कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो मरीजों की मौत हुई है।