राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों का कृषि विज्ञान केंद्र धौरा में 20 अगस्त से शुरू 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार को समाप्त हो गया। शिविर में हमीरपुर, सीतापुर, इटावा व रायबरेली के नेहरू युवा केंद्रों से 51 राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने भाग लिया था। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि देश की समस्याआें के समाधान में युवा आगे बढ़कर सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी लक्ष्य का निर्धारण कर उसे प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी लक्ष्य को पाने में गरीबी आड़े नहीं आती है। उन्होंने कार्यक्रम को सकुशल कराने में समन्वयक डा. आराधना राज की सराहना की। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि एबीवीपी के प्रांतीय सचिव ललित द्विवेदी ने कहा कि भारत साठ प्रतिशत युवाओं का देश है। कार्यक्रम में राज्य प्रशिक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इस दौरान एके सिंह, रमेश सिंह सेंगर, रूप किशोर तिवारी, प्रशांत कुमार, दिव्यांशु त्रिवेदी, शालिनी विश्वकर्मा भी मौजूद रहीं।