मकर संक्रांति के बाद ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने लगा था। 24 जनवरी से जम्मू कश्मीर व शिमला के पहाड़ों पर हुई बारिश के साथ ही गुरुवार देर रात तेज हवाओं के झोकों के बीच तेज रफ्तार बारिश ने मौसम के मिजाज को बदल दिया है। शुक्रवार की सुबह 11 बजे तक रुक-रुक कर कई राउंड में हुई बारिश ने सिहरन बढ़ा दी। जिसका असर अभी भी बना हुआ है। देर रात कोहरे की छिटपुट धुंध व सुबह के समय गलन भरी ठंड के साथ बर्फीली हवाओं के थपेड़ों ने सभी को परेशान कर रखा है। रविवार को दोपहर के 12 बजे के बाद हल्की धूप निकली। जिससे कुछ देर के लिए सड़कों पर भीड़ की रौनक लौटी। शाम होते ही शहर की बाजार, अस्पताल, स्टेशन व प्रमुख चौराहों पर लोगों की चहलकदमी काफी कम हो गई थी। इस दौरान लोगों को जहां भी आग जलते दिखी वहां पर पहुंचकर ठंड दूर करने की कोशिश की। फिलहाल अचानक मौसम के करवट बदलने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।