उन्नाव। शहर के पहलीखेड़ा मोहल्ला स्थित नगर पालिका के ट्यूबवेल की बोरिंग फेल होने से दर्जन भर मोहल्लों की जलापूर्ति महीनों से ठप है। जिससे दस हजार की आबादी को पानी का संकट झेलना पड़ रहा है। नगर पालिका प्रशासन का दावा है कि रोजाना दो बार टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा है लेकिन लोगों का कहना है कि सिर्फ एक बार दोपहर में ही टैंकर आता है।
पहलीखेड़ा स्थित ट्यूबवेल की बोरिंग मई माह में फेल हो गई थी। तबसे हजारी टोला, कासिम नगर, नुरदीनगर, भूरी देवी, रामनगर, पुरानी बाजार, केसरगंज व दुपुरापुर सहित अन्य मोहल्लों के घरों में होने वाली जलापूर्ति ठप पड़ी है। वहीं मरम्मत के नाम पर नगर पालिका कर्मियों की सुस्ती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। तीन महीने बीत चुके हैं लेकिन अभी तक दोबारा बोरिंग का काम पूरा नहीं हो पाया है। पालिका के अधिकारियों के अनुसार, बोरिंग के बाद 15 दिन तक टेस्टिंग की गई लेकिन बोर में दिक्कत आ रही है। नगर पालिका का दावा है कि जब से ट्यूबवेल से जलापूर्ति ठप हुई है। तबसे रोजाना सुबह शाम टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा है। मोहल्ले वालों का कहना है कि केवल एक बार दोपहर में ही पानी आ रहा है। भीषण गर्मी में पानी की किल्लत झेल रहे लोग बेहाल हैं।
हजारीटोला की नीलम ने बताया कि कि तीन महीने से ट्यूबवेल खराब है। ऐसी गर्मी में पानी की किल्लत झेल रहे हैं। पड़ोसी के सबमर्सिबल से पानी लेकर काम चला रहे हैं।
इसी मोहल्ले के नितिन दीक्षित ने बताया कि आए दिन ट्यूबवेल में कोई न कोई दिक्कत बनी रहती है। हैंडपंप भी जवाब देने लगे हैं। किसी तरह काम चालाया जा रहा है।
जलकल अभियंता विवेक वर्मा ने बताया कि रिबोर करा दिया गया है। थोड़ी बहुत दिक्कत है। टेस्टिंग कराई जा रही है। जल्द ही सप्लाई शुरु हो जाएगी।