फतेहपुर चौरासी। आग लगने की अलग-अलग दो घटनाओं में एक किशोरी झुलस गई वहीं लाखों का माल जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंचे लेखपाल ने शासन को आख्या देने की जानकारी दी है।
थानाक्षेत्र की ग्राम पंचायत ओसियां के मजरा नैनीखेड़ा गांव निवासी कमला के मकान में बुधवार देर रात संदिग्ध हालात में आग लग गई। आग की चपेट में आकर कमला की बेटी सांवली झुलस गई। ग्रामीण आग पर काबू पाते इससे पड़ोसी रामविलास के घर के बाहर पड़ा छप्पर भी जल गया। दमकल के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने निजी संसाधनों के जरिए आग पर काबू पा लिया। पीड़ितों ने बताया कि आग लगने से लगभग एक लाख रुपये की जल गई है। सूचना पर पहुंचे लेखपाल राजेश सिंह ने क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजने की बात कही है।
दूसरी घटना बारासगवर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव निवासी देवी प्रसाद के घर में गुरुवार को मजदूर साफ सफाई कर रहा था। इस दौरान निकले कूड़े को मजदूर ने घर के बाहर जला दिया और वापस सफाई करने चला गया। कूड़े के ढेर से निकली आग की लपटों ने पड़ोस में रहने वाले देवी प्रसाद के बड़े भाई देवी कुमार के घर के बाहर पड़े छप्पर को चपेट में ले लिया।
छप्पर से धुंआ उठता देख पीड़ित ने दमकल को जानकारी देकर निजी संसाधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आधा घंटा की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान पांच ट्राली भूसा, दो कुंतल आलू समेत अन्य सामान जल गया।