उन्नाव। बाबा के साथ मवेशी चराने गए नौ साल के बच्चे की लोडर की टक्कर से मौत हो गई। भाग रहे लोडर चालक को गांगाघाट कोतवाली पुलिस ने पकड़ लिया।
माखी थानाक्षेत्र के गांव ऐरा भदियार के जंगेनगर चौराहा निवासी सत्यवान गौतम का पुत्र यश (9) गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। गुरुवार को स्कूल से आने के बाद करीब तीन बजे वह मवेशी चराने जा रहे बाबा सीताराम के साथ चला गया। परियर-सरोसी मार्ग पर तेज रफ्तार लोडर उसे टक्कर मारते हुए भाग निकला। ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम को हादसे की जानकारी दी। परिजन घायल यश को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उधर, ग्रामीणों की की सूचना पर गांगाघाट कोतवाली पुलिस ने भाग रहे चालक को लोडर सहित पकड़ लिया। इकलौते बेटे की मौत से मां शिवप्यारी सहित पूरा परिवार बेहाल है।
थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।