फतेहपुर चौरासी। सड़क पार करते समय छात्र की क्रेन (हाइड्रा) से कुचलकर मौत हो गई। चालक क्रेन छोड़कर भाग गया। गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामला शांत कराया।
थानाक्षेत्र के गांव उम्मरखेड़ा निवासी सत्यम ( 11) पुत्र सुरेश कुमार कक्षा तीन का छात्र था। सोमवार सुबह करीब छह बजे वह ंफूल तोड़ने के लिए घर से करीब 200 मीटर दूर पुत्तीलाल के खेत पर जा रहा था। हरदोई-उन्नाव मार्ग पार करते समय बांगरमऊ से सफीपुर की ओर जा रही क्रेन (हाइड्रा) ने उसे कुचल दिया। घटना में सत्यम की मौके पर मौत हो गई। नाराज परिजनों और आसपास के लोगों ने मार्ग जाम लगा दिया।
छात्र की मौत और जाम की सूचना पर पुलिस पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। पिता सुरेश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। इस दौरान लोगों को जाम से जूझना पड़ा। पिता ने बताया कि वह गांव के स्कूल में पढ़ता था। दो बेटों में बड़ा था। बेटे की मौत से मां पुष्पा देवी, पिता और अन्य परिजन बेहाल हैं।थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर क्रेन के चालक और मालिक का पता लगाया जा रहा है।