उन्नाव। जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में पं. दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे जनपदस्तरीय फुटबॉल बालक प्रतियोगिता के तीसरे दिन सेमीफाइनल व फाइनल मैच खेले गए। फाइनल मैच में स्पोर्ट्स स्टेडियम ने केवी पैंथर को 1-0 से हराकर प्रतियोगिता जीत ली। पहले सेमीफाइनल में केवी पैंथर ने किंग्सन इंटर कालेज को 2-0 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल मैच में स्पोर्ट्स स्टेडियम उन्नाव ने केवी वारियर्स को 3-0 से हरा दिया। फाइनल मैच स्पोर्ट्स स्टेडियम व केवी पैन्थर के बीच खेला गया। इसमें स्पोर्ट्स स्टेडियम के हरिओम ने एक गोल करके बढ़त बना ली। आखिर में यही गोल निर्णायक साबित हुआ और स्पोर्ट्स स्टेडियम उन्नाव की टीम को 1-0 से विजयी घोषित किया गया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रैक सूट प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के दौरान जिला क्रीडा अधिकारी मुकेश कुमार सब्बरवाल, रत्नेश श्रीवास्तव, डॉ. अश्वनी शुक्ला, गजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।