संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। कलक्टरगंंज मोहल्ले में एक जूते की दुकान में बुधवार की रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। दमकल की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंककर आग पर काबू पाया। पीड़ित के अनुसार करीब तीन लाख का नुकसान हुआ है।
सदर कोतवाली के कलक्टरगंज मोहल्ला निवासी मनोज कुमार की कोतवाली के पास जूता-चप्पल की दुकान है। बुधवार रात करीब दो बजे शार्ट सर्किट से दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं और लपटे देख आसपास के लोगों ने मनोज को सूचना दी। तेज लपटें देख आसपास के दुकानदार और घरों में रहने वाले लोग भी दहशत में आ गए।
तीन दमकल पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास किया। तीन मंजिला इमारत होने से अग्निशमन जवानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे बाद आग बुझाई जा सकी। कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्र ने बताया कि शार्ट सर्किट होने से आग लगने का अनुमान है। जांच की जा रही है।